3 नंबर चुंगी पर हुए हादसे में किशोरी की मौत, चालक ट्रक छोड़कर भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ थाना क्षेत्र स्थित 3 नंबर चुंगी पर ट्रक की चपेट में आने से 17 साल के एक किशोर की मौत का मामला सामने आया है। हादसे के दौरान किशोर ट्रक के नीचे फंस गया और चालक करीब 50 मीटर तक उसे घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
डबुआ निवासी जीतू ने बताया कि उसका चचेरे भाई सुरेश सूरजकुंड रोड स्थित अनखीर गांव में रहता था। शुक्रवार को वह डबुआ कॉलोनी में अपना फोन लेने के लिए आया था । फोन लेने के बाद वह दोनों बाइक पर सवार होकर अनखीर गांव जा रहे थे। देर रात करीब 12:30 बजे दोनों 3 नंबर चुंगी के पास गुटखा लेने के लिए रुके थे। गुटका लेने के लिए सुरेश दुकान की ओर जा रहा था तभी तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने सुरेश को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेश ट्रक के नीचे फंस गया और करीब 50 मीटर तक घिसटता हुआ चला गया। स्थानीय लोगों की मदद से सुरेश को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया लोगों ने बताया कि सुरेश एक कैफे में वेटर का काम करता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक मौके पर खड़ा मिला, लेकिन चालक भाग गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।