संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रेलवे रूट पर बुधवार को कई ट्रेनों के घंटों देरी से चलने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नई दिल्ली, फरीदाबाद और पलवल रूट से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के समय में काफी अंतर दर्ज किया गया, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।
नई दिल्ली से चलकर फरीदाबाद होते हुए पलवल जाने वाली गाजियाबाद-पलवल ईएमयू करीब तीन घंटे नौ मिनट की देरी से चली। वहीं नई दिल्ली से फरीदाबाद तक आने वाली दिल्ली-फरीदाबाद ईएमयू अपने निर्धारित समय से करीब छ घंटे 15 मिनट लेट रही।
इसके अलावा नई दिल्ली से चलकर तुगलकाबाद होते हुए फरीदाबाद पहुंचने वाली सचखंड एक्सप्रेस और हजरत निजामुद्दीन से चलकर फरीदाबाद होते हुए पुरी जाने वाली कलिंग उत्कल एक्सप्रेस ट्रेनें भी पांच घंटे की देरी से चलीं।
वहीं, हजरत निजामुद्दीन से चलकर फरीदाबाद होते हुए लक्ष्मीबाई नगर जाने वाली उज्जैन एक्सप्रेस करीब दो घंटे 16 मिनट की देरी से चली। ट्रेनों की देरी के कारण यात्रियों को स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ा। खासकर रोजाना नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और जरूरी कामों के लिए सफर करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।