फरीदाबाद। सोहना रोड स्थित सूखे नाले के पास सड़क किनारे साइकिल की चेन चढ़ा रहे एक युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान नंगला निवासी विपिन (30) के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर समेत मौके से भाग गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विपिन मूलरूप से बिहार के सिवान का रहने वाला था। वह परिवार के साथ नंगला में किराए पर रहा था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे वह घर से सेक्टर-24 स्थित कंपनी में ड्यूटी करने के लिए निकला था। सोहना रोड स्थित सूखे नाले के पास उसकी साइकिल की चेन उतर गई। वह सड़क किनारे साइकिल की चेन चढ़ाने लगा। इस दौरान एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।