लोगों का आरोप- परिसर में नहीं है कूड़ेदान, प्रशासन सफाई पर नहीं दे रहा ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के सौंदर्य में चार चांद लगाने वाली बड़खल झील में जगह-जगह कचरा फैला हुआ है। पर्यटक अपने खाने-पीने के रैपर्स को वहीं छोड़ देते हैं। पूरे परिसर में जगह-जगह प्लास्टिक का ढेर लगा हुआ है। यह कचरा सिर्फ झील परिसर के सौंदर्य को ही खराब नहीं कर रहा, बल्कि पानी को भी दूषित कर रहा है। इस पर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
शहर के मुख्य पर्यटन स्थलों में से एक बड़खल झील में एक भी कूड़ेदान नजर नहीं आता है। इस कारण पर्यटक कचरा इधर-उधर फेंक देते हैं। इस गंदगी का जिम्मेदार सिर्फ पर्यटक ही नहीं, प्रशासन भी है। इसके अलावा इस गंदगी को साफ करने वाला भी यहां कोई नहीं है। इससे इस खूबसूरत पर्यटन स्थल की रौनक फीकी पड़ रही है। फिलहाल झील परिसर में नवीकरण कार्य चल रहा है। 24 जनवरी 2024 को वर्तमान ऊर्जा मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हाथों इस झील के तल के उपचार का उद्घाटन हुआ था। साल 2026 तक इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने की उम्मीद है।