आठवीं के पात्र विद्यार्थी शनिवार तक भर सकेंगे फॉर्म, 29 नवंबर को होगी परीक्षा
1215 आवेदन अब तक फरीदाबाद से प्राप्त हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए मिलने वाली छात्रवृत्ति के लिए आवेदन का शनिवार को अंतिम मौका है। राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) के तहत जिले से अब तक 1215 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आठवीं कक्षा में पढ़ रहे पात्र विद्यार्थी शनिवार तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को चार साल तक छात्रवृत्ति दी जाती है। इसका उद्देश्य आर्थिक परेशानी के कारण मेधावी विद्यार्थियों की पढ़ाई बीच में छूटने से रोकना है। परीक्षा 29 नवंबर को निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक होगी। प्रवेश पत्र परीक्षा से 10 दिन पहले उपलब्ध कराए जाएंगे।
विद्यार्थी एससीईआरटी और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। जिले के सरकारी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए सातवीं कक्षा सरकारी या अनुदान प्राप्त विद्यालय से कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी है। अभिभावकों की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
180 अंकों की होगी परीक्षा
योजना के समन्वयक धर्मेंद्र अधाना ने बताया कि परीक्षा में दो भाग होंगे। मानसिक योग्यता परीक्षण में तर्कशक्ति, विश्लेषण और समस्या सुलझाने की क्षमता से जुड़े 90 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके लिए 90 अंक निर्धारित हैं। दूसरे भाग में बौद्धिक योग्यता परीक्षण होगा। इसमें विज्ञान के 35, गणित के 20 और सामाजिक विज्ञान के 35 प्रश्न होंगे। इस भाग के भी 90 अंक होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे। सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को दोनों भागों में अलग-अलग 40 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को 32 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।