अपराध शाखा टीम ने दोनों को किया गिरफ्तार, पल्ला थाने में दर्ज हुई थी एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद पति की जमानत कराने के लिए घरेलू सहायिका अंजू (22) ने अपने साथी के साथ मिलकर घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घरेलू सहायिका ने उन्हें घर के बारे में पूरी जानकारी दी। जिसके बाद आरोपी अरुण (23) व अन्य ने मिलकर चोरी की वारदात की। पल्ला थाने में दर्ज मामले में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने पल्ला के विनय नगर में रहने वाली घरेलू सहायिका अंजू व सेक्टर-37 निवासी अरुण को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि महिला अंजू ने कुणाल के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। 23 मई को कुणाल व अरुण ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर शिकायतकर्ता के घर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी अरुण डांस सिखाने का काम करता है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है। अरुण को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों को भी पकड़ने के प्रयास टीम कर रही है।
पल्ला थाने में सेक्टर-91 निवासी प्रभात ठाकुर ने शिकायत दी थी कि वो एक निजी कंपनी में काम करते हैं। 23 मई को उनके घर पर कोई नहीं था। जब वो शाम को घर वापस लौटे तो मकान में चोरी हो चुकी थी। आरोप लगाया कि घर से सोने का मंगलसूत्र, 6 जोड़ी सोने की बाली, सोने की नथ, पेंडेंट, चेन, दो अंगूठी के अलावा 16 हजार रुपये नकद व अन्य सामान चोरी हुआ था। पल्ला थाना में एफआईआर दर्ज कर अब दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।