साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से बनाया निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से तीन लोगों को निशाना बनाकर लाखों रुपये ठग लिए। पुलिस ने तीनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में सेक्टर-29 निवासी सलीम अहमद ने शिकायत में बताया कि 19 जून को उन्होंने इंस्टाग्राम पर निवेश करने पर 10 गुना मुनाफे का विज्ञापन देखा था।
लिंक पर पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत जानकारी भरने के बाद आरोपियों ने व्हाट्सएप पर संपर्क किया और निवेश के लिए एक लिंक भेजा। उनके कहने पर रुपये जमा किए। बाद में खुद को वित्तीय सलाहकार बताकर और निवेश करने के लिए कहा गया। मुनाफे की रकम निकालने के लिए कमीशन मांगा गया। इस तरह 19 जून से 31 जुलाई के बीच अलग-अलग खातों में कुल 9 लाख 18 हजार 396 रुपये ट्रांसफर कराए गए।
वहीं, सेक्टर-82 निवासी कारोबारी को 30 सितंबर को गैस कनेक्शन अपडेट कराने के नाम पर फोन किया गया। आरोपी ने व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजी। इसे खोलकर जानकारी भरने और 10 रुपये का भुगतान करने के लिए क्रेडिट कार्ड की जानकारी डालने के बाद एक लाख 10 हजार 894 रुपये कट गए। इसी तरह सेक्टर-17 निवासी ब्रह्म प्रकाश को दो अक्तूबर को गैस बिल अपडेट कराने के नाम पर व्हाट्सएप संदेश और फोन आया। इसके बाद वीडियो कॉल पर आरोपी ने उन्हें कुछ प्रक्रिया बताई। आरोपी के बताए तरीके से उनके बैंक खाते से 98 हजार 114 रुपये ट्रांसफर हो गए।