भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता में तीन पटवारी निलंबित
- उपायुक्त ने 18 सितंबर को अजरौंदा का किया था निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता में तीन पटवारी को उपायुक्त विक्रम सिंह निलंबित कर दिया है। वहीं ड्यूटी से गायब मिले दो पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
उपायुक्त ने 18 सितंबर को अजरौंदा स्थित पटवार घर का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान फरीदाबाद शहर के पटवारी प्रतीक मंगला व अजरौंदा के पटवारी कृष्ण पाल ड्यूटी से गायब मिले थे। उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि गौच्छी के पटवारी मनोज कुमार के सहायक को रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो ने पकड़ा था। इस मामले में मनोज कुमार को भी निलंबित कर दिया गया है। वहीं, निलंबित किए गए प्याला गांव के पटवारी रविंद्र कुमार की समय पर कार्य न करने की शिकायत मिली थी। बल्लभगढ़ के पटवारी आदेश के खिलाफ अनुशासनहीनता की शिकायत मिली थी। इसकी जांच के बाद पटवारी आदेश को निलंबित कर दिया गया है।
31 मई को सीएम फ्लाइंग ने मारा था छापा
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने 31 मई को तीन पटवार घरों पर छापा मारा था। इस दौरान भी कई कर्मचारी नदारद मिले थे। इसमें अजरौंदा स्थित पटवार घर, बल्लभगढ़ पटवार घर और गौंछी तहसील की जांच की थी। इस दौरान भी पटवारी समेत अन्य कर्मचारी नहीं मिले थे। लोगों की शिकायतें रहती हैं कि पटवारी कार्यालय में नहीं बैठते हैं।