तीन करोड़ रुपये की लागत से किए जाएंगे विकास कार्य, विभाग ने शुरू की प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम की ओर से तीन प्रमुख क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए बड़ी परियोजनाएं घोषित की गई हैं, जिन पर कुल मिलाकर करीब 3 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। ये कार्य फरीदपुर, भगत सिंह मार्ग कॉलोनी और ओल्ड फरीदाबाद के डिवीजन-3 में किए जाएंगे। यहां पर सड़कों, नालियों, सीवर लाइन,सफाई और पेयजल से संबंधित काम किए जाएंगे। विभाग की तरफ से इसके लिए कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस माह कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले माह के बीच में जमीनी स्तर पर तीनों कार्यों के शुरू होने की उम्मीद है।
फरीदपुर गांव की फिरनी रोड का होगा विकास
फरीदपुर गांव की फिरनी रोड पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने और टाइप-1 नालियों के निर्माण का कार्य किया जाएगा। यह कार्य करीब 80 लाख रुपये की लागत से किया जाना है, जिसमें करीब तीन महीने की समय सीमा तय की गई है। यह इलाका हाल ही में नगर सीमा में शामिल हुआ है और इस कार्य से यहां के निवासियों को मूलभूत सुविधाओं में सुधार मिलेगा। जलभराव, गंदगी और खराब रास्तों की समस्या से निजात मिलना तय है।
भगत सिंह मार्ग कॉलोनी का होगा कायाकल्प
वार्ड नंबर 28 की भगत सिंह मार्ग कॉलोनी में विभिन्न गलियों में इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीवर और पानी की पाइप लाइन डाली जाएगी। यह परियोजना करीब 1.40 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की जाएगी, जिसके लिए करीब 8 महीने का समय निर्धारित है। यह इलाका लंबे समय से जल निकासी और पेयजल संकट जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा था। इस कार्य के बाद नागरिकों को गंदा पानी सड़कों पर बहने, सीवर जाम और टूटी गलियों की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
ओल्ड फरीदाबाद को गंदगी से मिलेगी निजात
पुराने फरीदाबाद के डिवीजन-3 क्षेत्र में सड़कों और नालियों की मरम्मत का कार्य किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 90 लाख रुपये है। यह कार्य 15 महीने की समय अवधि में पूरा किया जाना है। क्षेत्र की कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और जल निकासी प्रणाली जर्जर अवस्था में है। इस कार्य के पूरा होने से इलाके की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और बरसात के समय जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
फरीदाबाद के लोगों के लिए नगर निगम की तरफ से कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। जल्द ही कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम भी शुरू होने की उम्मीद है। - कार्यकारी अभियंता नगर निगम, नितिन कादियान