बीके अस्पताल के बाहर की घटना, वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल के बाहर बुधवार को दंपती के बीच विवाद हो गया। इस दौरान पत्नी ने अपनी मां के साथ मिलकर पति पर थप्पड़ और लात-घूंसे बरसा दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विवाद के बाद अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की शिकायत एनआईटी-तीन पुलिस चौकी में दी गई है।
राहुल कॉलोनी निवासी नीतू ने बताया कि उसकी शादी जनवरी 2025 में राहुल कॉलोनी निवासी सचिन के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाता था। नीतू का यह भी आरोप है कि मायके से रकम न लाने पर सचिन किसी अमीर घर की लड़की से शादी करने की धमकी देता था।
नीतू के अनुसार, उसके पति ने उसकी मां को धोखे से बुलाकर मारपीट की। इसके बाद वह मां का मेडिकल कराने बीके अस्पताल पहुंची थी। आरोप है कि सचिन भी अस्पताल पहुंच गया और वहां दोबारा विवाद हो गया। पुलिस चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि एक सितंबर को दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर समझौता कराया गया था और अलग-अलग रहने की बात तय हुई थी। बुधवार को फिर विवाद हुआ। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।