फरीदाबाद। एनआईटी स्थित फेयर डील के नाम से मारुति शोरूम में आग लगने के मामले में दो महीने बाद भी जांच के लिए बनी संयुक्त टीम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। शोरूम मालिक को तीन बार नोटिस जारी करने के बाद भी कोई जवाब नहीं दिया गया। इससे भी जांच की रफ्तार प्रभावित हुई। टीम में निगम, दमकल, लघु सचिवालय सहित पुलिस के आला अधिकारी शामिल थे।
इस संबंध में बल्लभगढ़ संयुक्त आयुक्त नवदीप नयन का कहना है कि संयुक्त जांच टीम पूरे प्रकरण में साक्ष्यों को जुटा रही है। 10 दिनों के भीतर जांच पूरी होने पर रिपोर्ट निगमायुक्त को सौंप दी जाएगी। दो महीने पहले प्याली चौक स्थित फेयर डील मारुति शोरूम में संदिग्ध हालात में आग लग गई थी। शोरूम न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी नई दिल्ली निवासी सुनील अग्रवाल का है। यहां बिक्री के अलावा सर्विस का भी काम होता था। शोरूम में प्रथम तल से अचानक तेज धुआं निकलता दिखा था। सूचना पर फायर विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सका।
इस मामले में जांच संयुक्त आयुक्त को सौंपी गई थी। उन्होंने दो बार शोरूम का निरीक्षण भी किया था। बावजूद इसके शोरूम मालिक ने जांच में सहयोग नहीं किया, जिसके बाद शोरूम मालिक को तीन नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया था।