फरीदाबाद। सेक्टर-51 स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 4 नवंबर को शारदा युवा स्पंदन एकल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। पद्म विभूषण से सम्मानित दिवंगत गायिका शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि के अवसर पर इसका आयोजन किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में 14 से 18 वर्ष तक के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। इसमें प्रतिभागियों को छठ गीत, विवाह गीत, लोकगीत, कजरी और झूमर जैसी शारदा सिन्हा की प्रसिद्ध गायन शैलियों पर नृत्य प्रस्तुत करना होगा। प्रत्येक प्रस्तुति के लिए अधिकतम चार मिनट का समय निर्धारित किया गया है। प्रतिभागियों के लिए पारंपरिक वेशभूषा पहनना अनिवार्य होगा। आयोजकों के अनुसार, निर्धारित लोकगीतों और पारंपरिक परिधान के बिना किसी अन्य प्रस्तुति की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को लोक संगीत और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना है। संवाद