मंत्री राजेश नागर ने बाल कल्याण परिषद को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से आयोजित चार दिवसीय बाल महोत्सव का समापन हो गया। समापन कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि रहे।
अंतिम दिन 45 स्कूलों के 450 बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। महोत्सव में एकल और समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, एकल गायन, फैंसी ड्रेस, मेहंदी रचाओ, शास्त्रीय नृत्य और एकांकी नाटक सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि जिस तरह प्रदेश के खिलाड़ी खेलों में अपनी पहचान बना रहे हैं, उसी तरह बच्चों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलने चाहिए। ऐसे आयोजन बच्चों को आगे बढ़ने के लिए मंच देते हैं। उन्होंने जिला बाल कल्याण परिषद को पांच लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। साथ ही, बल्लभगढ़ या तिगांव में मिनी बाल भवन बनाने की बात कही। इसके लिए जमीन उपलब्ध होने पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा ने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। मंडल स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। जिला स्तर के विजेताओं को 14 नवंबर को बाल भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में रूपकिशोर और सुनील नागर ने नोडल अधिकारी की भूमिका निभाई।