आरोपी डॉ. उमर फरीदाबाद के धौज स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी में ही डॉक्टर कार्यरत था
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली लाल किले के पास कार में धमाके में उसी तरह के विस्फोटक अमोनियम नाइट्रेट का प्रयोग किया गया, जो फरीदाबाद से बरामद किया गया। पुलिस की बरामदगी के बावजूद दिल्ली में विस्फोटक से धमाका होना ये दर्शाता है कि पुलिस ने जो 2921 किलो विस्फोटक फरीदाबाद से बरामद किया है, इसके अलावा भी कुछ विस्फोटक है जो डॉ. उमर ने भी छुपाया हुआ है। उसी के जरिये आरोपी ने दिल्ली में धमाका किया।
दिल्ली में धमाका करने वाला डॉ. उमर भी फरीदाबाद के धौज स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी में कार्यरत डॉक्टर था। दिल्ली में हुए धमाके में उसकी भी मौत का दावा किया जा रहा है। खास बात ये है कि 30 अक्तूबर को जम्मू एंड कश्मीर पुलिस और फरीदाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने अल फलाह यूनिवर्सिटी से डॉ. मुज्जमिल को गिरफ्तार किया। इसके बाद से ही जम्मू एंड कश्मीर पुलिस को डॉ. उमर की भी तलाश थी। आरोपी डॉ. उमर तभी से फरार चल रहा था। इस दौरान उसे पकड़ा नहीं जा सका और 10 नवंबर को उसने दिल्ली में पहुंचकर धमाका कर दिया।