फंड न मिलने के कारण नहीं शुरू हो पा रहा काम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फूलों की खुशबू से इलाके को महकाने वाला रोज गार्डन आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जहां एक तरफ गार्डन में फुटपाथ व अन्य सुविधाएं नहीं हैं वहीं दूसरी ओर गुलाब की कई सारी किस्में यहां से खत्म हो चुकी हैं, बचे कुचे पौधे भी अंतिम सांस ले रहे हैं।
सड़क चौड़ीकरण के चलते गार्डन की चहारदीवारी व फुटपाथ को तोड़ा गया था लेकिन इसके बाद दोबारा से मरम्मत नहीं की गई। सेक्टर 17 में बाईपास रोड के पास बने रोज गार्डन में किसी समय में गुलाब की सौ से अधिक किस्में देखने को मिलती थीं। इलाके में गुलाब की महक लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती थी लेकिन अब यहां के पौधे सूखने के साथ अन्य सुविधाओं का भी अभाव हो गया है। बताते चलें कि बाईपास रोड को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे लिंक रोड के रूप में विकसित किया गया है। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए रोज गार्डन की कुछ जमीन सड़क के लिए छोड़ी पड़ी है। इससे यहां पर चहारदीवारी, फुटपाथ आदि तोड़े गए थे। इसके चलते पार्क उजड़ गया। करीब साल भर पहले शहरी विकास प्राधिकरण ने इस पार्क को ठीक करने के लिए करीब 40 लाख रुपये खर्च करने की योजना बनाई थी लेकिन फंड न जारी होने के कारण पार्क की हालत ठीक नहीं हो पाई। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि फंड के कारण काम रुका है, जल्द ही इसे शुरू करवा दिया जाएगा।