- आरोपी नितेश रेवाड़ी के शेखपुर गांव का रहने वाला है
- खाते में ठगी के 50 हजार रुपये आए थे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के बहाने 4.30 लाख रुपये की ठगी में खाता मुहैया कराने वाले आरोपी को साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नितेश रेवाड़ी के शेखपुर गांव का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला कि इसने अपना बैंक खाता ठगों को बेचा था। इसके खाते में ठगी के 50 हजार रुपये आए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को दो दिन की रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को यह शिकायत सेक्टर-18 में रहने वाली महिला ने दी थी। इसमें कहा गया कि 26 नवंबर 2024 को उनके व्हाट्सएप पर मैसेज आया। इसमें घर बैठे कमाई के ऑफर के बारे में लिखा था। महिला को आरोपियों ने लिंक भेजकर टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा और टास्क पूरे कर मुनाफा कमाने का लालच दिया। बाद में प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 4.30 लाख रुपये निवेश करा लिए। महिला को न तो मुनाफा दिया गया और न ही निवेश की गई रकम ही वापस दी गई। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए अब आरोपी को गिरफ्तार किया है।