The meeting of the Municipal Corporation House will be held on February 10, earlier it was to be held on January 31.
फरीदाबाद। नगर निगम सदन की बैठक 10 फरवरी को होगी। इसमें प्रौद्योगिकी पार्क बनाने, सीवर-पानी के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने, योगशाला, सीवर शोधन संयंत्र समेत अन्य कार्यों को सदन में रखा जाएगा। इसमें पार्षदों के प्रस्ताव समेत कुल 95 मामले रखे जाएंगे। पहले यह बैठक 31 जनवरी को होनी थी।
नगर निगम सदन की बैठक करीब एक साल बाद होने जा रही है। ऐसे में बैठक में विकास कार्यों को लेकर हंगामा होने की संभावना है। 12 फरवरी से पार्षदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। जबकि, उनके वार्ड में सीवर और सड़क की समस्या बनी हुई है। मेयर सुमन बाला ने बताया कि पहले 31 जनवरी को बैठक तय थी लेकिन आयुक्त के अस्वस्थ होने से नहीं हो सकी। बैठक में सेक्टर-91 (सेहतपुर) में योगशाला के लिए जमीन देने का प्रस्ताव है। शहर में बेहतर पानी आपूर्ति के लिए नए सिरे से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जानी है। इससे 15 साल तक पानी की बर्बादी बचाने के लिए उपाय किए जाएंगे।
मेयर ने बताया कि 20 एमएलडी का एसटीपी प्लांट बादशाहपुर, 30 एमएलडी का प्रतापगढ़ व बीस एमएलडी का मिर्जापुर (सीवर शोधन संयंत्र) एसटीपी लगाया जाना है। इसका पानी कृषि व बागवानी में प्रयोग होगा। कूड़ा निस्तारण के लिए वार्ड स्तर पर इंतजाम करने की तैयारी। निगम जगहों की नीलामी, कूड़ा उठाने, डबुआ थाने के लिए जमीन देने का भी प्रस्ताव शामिल है। वहीं, पांच जगहों पर वीटा मिल्ट बूथ खोलने की तैयारी है। निगम भुपानी गांव में गोशाला के साथ की जमीन पर पशु अस्पताल बनाने की योजना है। वहीं, 60 टन क्षमता वाले विकेंद्रीकरण अपशिष्ठ प्रसंस्करण लगाया जाना है। इसे एनआईटी में ऑटो मार्केट तिकोना पार्क के पास करीब दो एकड़ में प्लांट लगाया जाएगा। इसके अलावा पार्षदों के प्रस्तावों पर भी चर्चा की जाएगी।