फरीदाबाद। सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त कार्यकारी अभियंता से 1.18 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को आर्थिक अपराध शाखा ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पीड़ित को निवेश में मुनाफे का झांसा दिया था। आरोपी की पहचान एनआईटी-5 निवासी संजय वर्मा के रूप में हुई है।
सेक्टर-14 निवासी जगजीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह वर्ष 2007 में सिंचाई विभाग से कार्यकारी अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। साल 2012 में उनके जानकार ने संजय वर्मा से मुलाकात कराई। संजीव ने उन्हें अलग-अलग तरह की निवेश योजनाओं में अच्छे मुनाफे की बात कही। जगजीत सिंह उसकी बातों में आ गए और विभिन्न जगहों पर निवेश करना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपी को 1.18 करोड़ रुपये दे दिए। निवेश की रकम को मुनाफे के साथ वापस मांगने पर आरोपी ने रुपये देने से मना कर दिया। उन्होंने 27 जनवरी को आरोपी के खिलाफ एनआईटी थाने में मामला दर्ज कराया। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा कर रही थी। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।