केएलजे सोसाइटी के बेसमेंट में दिया वारदात को अंजाम, बीपीटीपी थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अपराध शाखा की दो टीमें जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सैलून संचालक अपनी महिला कर्मचारी व दोस्त दंपती के साथ घूमने गया तो महिलाकर्मी के गुस्साए पति ने उसे तीन गोलियां मार दीं। यह वारदात केएलजे सोसाइटी के बेसमेंट में मंगलवार देर रात लगभग दो बजे उस समय हुई तब सैलून संचालक सुरेश अपने दोस्त नरेश व पत्नी का सामान गाड़ी से उतार रहा था। तभी महिलाकर्मी मेघा का पति विनोद अपने एक अन्य साथी के साथ यहां पहुंचा और सुरेश को तीन गोली मारकर भाग गया।
सुरेश को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी पसली में एक गोली लगी है जबकि दो गोलियों के छर्रे गर्दन व सीने पर लगे हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि बीपीटीपी थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। अपराध शाखा की दो टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-10 डीएलएफ मॉडल टाउन निवासी सुरेश सैलून चलाते हैं। पहले उनका शराब का कारोबार भी था। इनके सैलून पर मेघा नामक महिला बतौर मैनेजर कार्यरत है। चार दिन पहले सुरेश केएलजे सोसाइटी में रहने वाले अपने दोस्त नरेश उर्फ सोनू, उसकी पत्नी दुर्गेश और मैनेजर मेघा के साथ उत्तराखंड देहरादून घूमने गए थे। इससे मेघा का पति विनोद काफी गुस्से में था। आरोप है कि सुरेश और मेघा पहले भी घूमने गए थे जिसके चलते विनोद झगड़ा कर चुका है।
चारों उत्तराखंड घूमने के बाद मंगलवार देर रात लगभग दो बजे फरीदाबाद पहुंचे। सुरेश कार से अपने दोस्त दंपती को छोड़ने केएलजे सोसाइटी गया। बेसमेंट में कार खड़ी कर वे दोस्त दंपती का सामान कार से उतार रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान विनोद अपने एक साथी के साथ कार में सवार होकर आया और सुरेश पर तीन गोलियां चला दी। वारदात के बाद विनोद व उसका साथी कार भगा ले गए। गोली लगने से सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे पास के अमृत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात की सूचना मिलते ही बीपीटीपी थाना पुलिस व अपराध शाखा की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। बुधवार सुबह बीपीटीपी थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।