आईडीएसए के क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि रहे खाद्य आपूर्ति मंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर के कहा कि महिला शक्ति के महत्व को हमारी नायब सरकार ने हमेशा प्रोत्साहित किया है। हमने लाड़ली योजना और ड्रोन दीदी जैसी कई योजनाएं लागू की और पंचायत में महिला आरक्षण को साकार रूप दिया है। मंत्री नागर चंडीगढ़ में इंडियन डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन (आईडीएसए) के हरियाणा, पंजाब, जम्मू - कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर बोल रहे थे।
इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी को सराहते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि यहां मौजूद एक-एक महिला देश प्रदेश के विकास की एक मजबूत कड़ी है। आंकड़े बताते हैं कि भारत में डायरेक्ट सेलिंग का मार्किट अब 22 हजार करोड़ रुपये को पार कर चुका है। इस कारोबार से लगभग 88 लाख लोगों का जुड़ना दर्शाता है कि यह उद्योग उन्हें बिना किसी निवेश के रोजगार तथा आजीविका और आय के वैकल्पिक साधन उपलब्ध करवा रहा है।