संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मोबाइल कॉल पर रिश्तेदार बताकर चालक के साथ 95 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने चालक से ऑपरेशन के नाम पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाए थे। दूसरे मामले में कार्ड बनवाने के नाम पर साढ़े 14 हजार रुपये की ठगी की गई। थाना साइबर पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव शाहाबाद निवासी आसाराम ने बताया कि वह निजी गाड़ी पर चालक हैं। कुछ समय पहले उनके भतीजे की शादी गांव कक्रिपुर, पलवल में हुई थी। 20 नवंबर 2023 को उनके फोन पर कॉल आई कि वह गांव कक्रिपुर से रिश्तेदार बोल रहे हैं। आरोपी ने कहा कि उनके किसी परिवार वालों का ऑपरेशन होना है। उनके फोन से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर नहीं हो रहे हैं जिस पर आरोपी ने कहा कि वह पैसे उनके खाते में भेज रहे हैं। उसके बाद चालक उन पैसों को अस्पताल में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दे। आरोपी ने उनके फोन पर फर्जी मैसेज पैसे भेजने का भेज दिया। मैसेज आने के बाद चालक ने आरोपी के बताए नंबर पर दो बार में 95 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित ने फोन करके बताया कि पैसे खाते में नहीं आए, तो आरोपी ने कहा कि आधे घंटे में पैसे आ जाएंगे जिसके बाद उनको शक हुआ। उनके साथ 95 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है।
कार्ड बनाने का झांसा देकर खाते से 14.50 हजार रुपये निकाले
कुंदन कॉलोनी निवासी मनीष कुमार ने बताया कि वह सेक्टर 4 स्थित निजी कंपनी में काम करते हैं। 24 फरवरी को एक बैंक के अधिकारी का क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए फोन आया। अधिकारी ने उनको व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा जिस पर उन्होंने क्लिक करके महत्वपूर्ण जानकारी को भर दिया। जानकारी भरने के बाद उनके बैंक के खाते से 14 हजार 500 रुपये निकल गए।