8-10 मिनट में पहुंचने लगे सराय काले खां
-सुरक्षा कारणों से बंद की गई थी लेन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे की दिल्ली सीमा में मीठापुर-जैतपुर से सराय काले खां की ओर जाने वाली लेन मंगलवार रात करीब 9:00 बजे के बाद ट्रायल के लिए खोल दी गई। 21 अगस्त को दिल्ली सराय काले खां से दिल्ली आने वाली लेन को खोला गया था। इससे फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।इस एक्सप्रेसवे के चालू होने से दिल्ली-एनसीआर के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। इससे पहले फरीदाबाद के मीठापुर बॉर्डर से लेकर पलवल के मंडकौला गांव तक यह एक्सप्रेसवे पहले ही चालू कर दिया गया था।
एनएचएआई प्रबंधन ने 21 अगस्त की सुबह एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड फ्लाईओवर की सराय काले खां से फरीदाबाद आने वाली एक लेन को ट्रायल के लिए खोला था। मंगलवार रात को दूसरी लेन खोलने से पहले एनएचएआई की टीम ने फ्लाईओवर और रैंप की तकनीकी जांच कर जरूरी खामियों को दूर किया।
मंगलवार देर रात मीठापुर-जैतपुर की तरफ से सराय काले खां जाने वाली लेन खुलते ही वाहन चालकों को इसका फायदा मिलने लगा। सामान्य परिस्थितियों में इस मार्ग से वाहन करीब आठ से 10 मिनट में सराय काले खां पहुंचने लगे। इससे दिल्ली-आगरा हाईवे और आश्रम की तरफ जाने वाले मार्गों पर वाहनों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है। इससे पहले सराय काले खां से फरीदाबाद की ओर आने वाली लेन ही चालू थी।
एनएचएआई चेयरमैन ने किया निरीक्षण:
इससे पहले मंगलवार सुबह एनएचएआई के चेयरमैन संतोष यादव ने सराय काले खां पहुंचकर एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। उन्होंने रैंप पर मशीनों के जरिये की जा रही जांच का भी जायजा लिया। अधिकारियों से तकनीकी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई।
बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे का काम पूरा होने के बाद इसका जल्द ही औपचारिक उद्घाटन किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसके उद्घाटन की संभावना भी जताई जा रही है। एक्सप्रेसवे के पूरी तरह चालू होने से फरीदाबाद से दिल्ली के बीच सफर का समय कम होने के साथ-साथ प्रमुख मार्गों पर जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है।