फरीदाबाद। भीषण गर्मी में सूरजकुंड रोड स्थित ओमेक्स फॉरेस्ट स्पा और हिल्स दो सोसाइटी में पेयजल संकट गहरा गया है। पेयजल व्यवस्था बिगड़ने से लोग टैंकर खरीद कर पानी पीने को मजबूर है। सोसाइटी वासियों का आरोप है कि मेंटेनेंस के नाम पर बिल्डर करोड़ों रुपये वसूलता है लेकिन सुविधाओं के नाम पर वह ठगा महसूस कर रहे हैं। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण अधिकारियों को शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिससे वह काफी परेशान है।
ओमेक्स फॉरेस्ट स्पा और हिल्स 2 सोसाइटी में करीब 550 फ्लैट हैं। यहां एक-एक फ्लैट की कीमत एक से पांच करोड़ रुपये हैं। बिल्डर द्वारा सोसाइटी वासियों से हर माह मेंटेनेंस के नाम पर हर माह दो से ढाई हजार प्रति फ्लैट वसूल किए जा रहे हैं। लोगों ने बताया कि सोसाइटी में रोजाना करीब तीन लीटर पानी की जरूरत है लेकिन एफएमडीए की ओर से करीब 1.90 लाख लीटर ही आपूर्ति की जा रही है। बाकी पानी की पूर्ति टैंकरों से की जा रही है। वह भी इतना गंदा पानी होता है कि फिल्टर करने के बाद भी नहीं पिया जा सकता है। इससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
हर माह 12 लाख रुपये टैंकरों पर खर्च कर रहे लोग
सोसाइटी वासियों ने बताया कि एफएमडीए की ओर से पूर्ण रूप से पानी की सप्लाई न होने के कारण लोगों को प्राइवेट टैंकरों से पानी खरीद कर पीना पड़ता है। उन्होंने कहा कि छह माह पहले एफएमडीए की अतिरिक्त सीईओ डॉ. गरिमा मित्तल ने सोसाइटी में आई थी। उन्होंने लोगों को बेहतर पेयजल आपूर्ति का आश्वासन दिया था। इस आधार पर एफएमडीए से कनेक्शन भी ले लिए। लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।
सोसाइटी में पानी की बहुत दिक्कत है। लोग छह हजार रुपये मेंटेनेंस के रूप में देते हैं। पानी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी बिल्डर की है, लेकिन बिल्डर इसमें फेल साबित हो रहा है। ऐसे में रोजाना टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है।
- हरीश पालीवाल, प्रधान, आरडब्ल्यूए ओमेक्स हिल्स-2
----
सोसाइटी में पानी की समस्या दूर करने के लिए कई बार बिल्डर को शिकायत दी गई। इसके अलावा मंत्री और विधायक को भी शिकायत दी गई। एफएमडीए अधिकारियों से मिले, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं होती है।
- संगीता बत्रा, स्थानीय निवासी