एनआईटी क्षेत्र के श्रद्धालुओं को नहीं मिल पाती सीट, करना पड़ता है परेशानी का सामना
फरीदाबाद डिपो से अलग बस चलाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खाटूश्याम मंदिर जाने वाले एनआईटी क्षेत्र के श्रद्धालुओं को रोडवेज बस में जगह नहीं मिल पाती है। जिसके कारण उनकों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बल्लभगढ़ डिपो से खाटूश्याम के लिए केवल एक ही रोडवेज बस चलाई जा रही है, जो सुबह करीब नौ बजे बल्लभगढ़ से रवाना होती है और करीब 9:30 बजे के बाद फरीदाबाद बस स्टैंड पहुंचती है। बल्लभगढ़ से निकलकर फरीदाबाद स्टैंड पहुंचते-पहुंचते 52 सीटों वाली यह बस पूरी तरह भर जाती है। इसके चलते फरीदाबाद और विशेषकर एनआईटी क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सीट नहीं मिल पाती।
फरीदाबाद से खाटूश्याम मंदिर की दूरी करीब 350 किलोमीटर है। लंबी दूरी की यात्रा होने के कारण यात्री सीट मिलने को लेकर चिंतित रहते हैं, मजबूरी में कुछ श्रद्धालुओं को सीट के लिए बल्लभगढ़ डिपो तक जाना पड़ता है। इससे समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। बस का किराया 145 रुपये निर्धारित है, लेकिन फरीदाबाद से सीधे बस न मिलने के कारण कई यात्री यात्रा से वंचित रह जाते हैं। यात्रियों का कहना है कि जब बस फरीदाबाद डिपो से होकर जाती है, तो यहां के यात्रियों के लिए भी सीटों की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। श्रद्धालुओं ने रोडवेज प्रशासन से मांग की है कि फरीदाबाद डिपो से अलग बस चलाई जाए, ताकि उन्हें बार-बार परेशानी न झेलनी पड़े।