बीच सड़क बैठाते हैं सवारियां, लोगों को होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में ऑटो चालकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। यातायात पुलिस की कड़ी कार्रवाई के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। ऑटो चालक बाजारों के बाहर ही बीच सड़क पर ऑटो खड़ा कर सवारी बिठाते हैं, जिसके कारण लंबा जाम लग जाता है और लोगों को परेशानी होती है।
एनआईटी एक काफी बड़ी और प्रसिद्ध बाजार है। बाजार के बाहर चौराहे पर दर्जनों ऑटो खड़े रहते हैं। इसके कारण राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भी जाम की स्थिति से जूझना पड़ता है। हालांकि मौके पर यातायात पुलिस चालकों को जागरूक भी करती है। कई बार समझाया गया, लेकिन ऑटो चालक अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे हैं। इसके साथ ही ओल्ड फरीदाबाद बाजार, एनआईटी पांच, सेक्टर- 3, बल्लभगढ़ सहित अन्य बाजारों में भी ऑटो चालकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है।
रेड लाइट पर भी ऑटो चालक बड़ी संख्या में एक साथ खड़े हो जाते हैं और सड़क पर ही ऑटो को खड़ा कर देते हैं। इससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होती है। यातायात पुलिस की ओर से कई बार चालान काटने के बावजूद ऑटो चालकों में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। पुलिस की कार्रवाई के बाद भी ये चालक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए मनमानी ढंग से वाहन खड़ा करते और सवारियां भरते नजर आते हैं।