फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: सोतई में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए जमीन पर प्रशासन ने लिया कब्जा

विज्ञापन
विज्ञापन
कुछ किसानों ने विरोध जताया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर को फरीदाबाद से सीधे जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण में सोतई गांव के पास लंबे समय से चली आ रही जमीन संबंधी बाधा अब दूर हो गई है। बृहस्पतिवार को एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने अधिग्रहीत जमीन पर कब्जा लेने की कार्रवाई पूरी की। इस दौरान कुछ किसानों ने विरोध जताया, लेकिन मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से जमीन को समतल कर प्रशासन ने कब्जा ले लिया।



सोतई गांव में करीब 1600 मीटर हिस्से की जमीन को लेकर मुआवजे और स्वामित्व से संबंधित विवाद चल रहा था। इसके कारण इस हिस्से में एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब इस हिस्से में भी एनएचएआई द्वारा निर्माण कार्य शुरू किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। यहां एक्सप्रेसवे के लिए पिलर आदि बनाने का काम जल्द शुरू होने की संभावना है।
विज्ञापन




एसडीएम मयंक भारद्वाज ने बताया कि सोतई में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए जमीन पर कब्जा लेने की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कर ली गई है। मुआवजे को लेकर अधिकतर किसानों से पहले ही बातचीत की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अब इस हिस्से में परियोजना के निर्माण में कोई बड़ी बाधा नहीं है।



करीब 3630 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले इस ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का लगभग आठ किलोमीटर हिस्सा फरीदाबाद जिले में होगा। यह कॉरिडोर सेक्टर-65 के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक रोड से शुरू होकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक जाएगा। फरीदाबाद के करीब 12 गांवों से होकर गुजरने वाले इस मार्ग से शहर की जेवर एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी होगी।




एनएचएआई के अनुसार भूमि अधिग्रहण से संबंधित मुआवजे की राशि अदालत में जमा कराई जा चुकी है। अंतिम निर्णय के बाद पात्र जमीन मालिकों को राशि दी जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से जमीन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
विज्ञापन




ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनने से फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल क्षेत्र से नोएडा-ग्रेटर नोएडा आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में यात्रियों को दिल्ली या अन्य मार्गों से लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। नया एक्सप्रेसवे बनने के बाद जेवर एयरपोर्ट के साथ-साथ नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक पहुंच आसान और तेज होने की उम्मीद है। इससे औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और दैनिक यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें