स्वास्थ्य विभाग और क्राइम ब्रांच की टीम ने की कार्रवाई, 282 ई-सिगरेट बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला स्वास्थ्य विभाग और क्राइम ब्रांच ने गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ई-सिगरेट की सप्लाई करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। एनआईटी चार-पांच चौक पर की गई छापेमारी के दौरान एक कार से 282 ई-सिगरेट बरामद की गईं। आरोपी की पहचान एनआईटी-5 निवासी राघव कोहली के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग को क्षेत्र में ई-सिगरेट की अवैध बिक्री की गुप्त सूचना मिल रही थी। इसी के आधार पर क्राइम ब्रांच को साथ लेकर संयुक्त टीम का गठन किया गया और मौके पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौके से काबू कर लिया गया और उसकी कार को भी जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली से ई-सिगरेट खरीदकर फरीदाबाद में सप्लाई करता था। खासतौर पर वह स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को निशाना बनाता था। उसने खुलासा किया कि एक ई-सिगरेट को वह करीब 1200 रुपये में बेचता था, जिससे उसे अच्छा मुनाफा हो रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना एसजीएम नगर में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सकती है।
हमें लगातार सूचना मिल रही थी कि युवाओं में ई-सिगरेट का प्रचलन बढ़ रहा है। इसी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। बड़ी मात्रा में ई-सिगरेट बरामद होना गंभीर संकेत है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।- डॉ. मान सिंह, नोडल अधिकारी-कोटपा