सेक्टर-16 के राजकीय प्राथमिक स्कूल में 15 दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का तीसरा दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16 स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल में चल रहे 15 दिवसीय योग प्रशिक्षण सत्र के तीसरे दिन शिक्षकों को योग और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। हरियाणा शिक्षा विभाग, हरियाणा योग आयोग और पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण में बल्लभगढ़ ब्लॉक के शारीरिक शिक्षा के अध्यापक भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण की शुरुआत सुबह प्रार्थना और मंत्रोच्चारण से हुई। इसके बाद शिक्षकों ने सूक्ष्म व्यायाम, जल नेति, रबर नेति, उड्डियान बंध, नौली क्रिया, सूर्य नमस्कार और कपाल भाति का अभ्यास किया। साथ ही विभिन्न योगासन और प्राणायाम की जानकारी भी दी गई। सैद्धांतिक सत्र में विशेषज्ञों ने शिक्षकों को शुद्धि क्रियाओं, पतंजलि योग दर्शन, हठयोग और भगवद्गीता के बारे में समझाया। इसके अलावा योग के अर्थ और उद्देश्य तथा मांसपेशियों पर योग के प्रभाव की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में सुशील भड़ाना, अंकुर सिंह, मीनू आर्य, विकास यादव, प्रदीप भड़ाना, अनीशा, जितेंद्र और गोविंद ने मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाई।