18 इवेंट्स आयोजित किए गए, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने झुमाया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के फरीदाबाद-झज्जर जोनल युवा महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। कुल 18 इवेंट्स आयोजित किए गए, जिनमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
हिंदी नाटक से लेकर हरियाणवी डांस तक, प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी कला का ऐसा जलवा बिखेरा कि दर्शक झूम उठे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के अध्यक्ष अतुल मंगला ने की, जबकि कॉलेज प्राचार्य डॉ. वंदना त्यागी ने अतिथियों का स्वागत किया। सुबह के सत्र में विश्वकर्मा यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार मुख्य अतिथि रहे।
मुख्य मंच पर हरियाणवी एकल महिला व पुरुष नृत्य, हिंदी नाटक और मिमिक्री का आयोजन हुआ। दूसरे मंच पर अभिभावकों, सैनिकों और अध्यापकों को समर्पित गीत, हरियाणवी आर्केस्ट्रा और समूह गान प्रस्तुत किए गए। तीसरे मंच पर पश्चिमी समूह एवं एकल गीत, वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंट, चौथे मंच पर हरियाणवी और पंजाबी कविता पाठ तथा हिंदी वाद-विवाद हुए। वहीं, पांचवें मंच पर पोस्टर मेकिंग, मेहंदी, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और कोलाज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जबकि छठे मंच पर इंग्लिश वाद-विवाद का आयोजन हुआ।
हिंदी नाटक में अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ की टीम ने शिव सती के प्रेम पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर ऑनर किलिंग पर कटाक्ष किया। वहीं नेहरू कॉलेज की टीम ने मर गया लीला राम के मंचन से लालच पर करारा प्रहार किया।
केएल मेहता कॉलेज की छात्राओं का जलवा
जोनल युवा महोत्सव में केएल मेहता दयानंद महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया। कोरियोग्राफी में केएल मेहता कॉलेज ने पहला, अग्रवाल कॉलेज ने दूसरा और सरस्वती कॉलेज ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एकल गीत में अग्रवाल कॉलेज पहले, केएल मेहता दूसरे और नेहरू कॉलेज तीसरे स्थान पर रहे। संस्कृत श्लोक उच्चारण में राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-16ए ने प्रथम, डीएवी कॉलेज ने द्वितीय और अग्रवाल कॉलेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
संस्कृत नाटक में अग्रवाल कॉलेज ने बाजी मारी और छात्र विहांत को बेस्ट एक्टर का खिताब मिला। हरियाणवी स्किट में अग्रवाल कॉलेज ने पहला, केएल मेहता ने दूसरा और सरस्वती कॉलेज ने तीसरा स्थान हासिल किया। माइम में केएल मेहता कॉलेज प्रथम, अग्रवाल कॉलेज द्वितीय और सरस्वती कॉलेज तृतीय रहे। ग्रुप डांस जनरल में केएल मेहता कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि खेड़ी गुजरान कॉलेज और अग्रवाल कॉलेज दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। गीत, भजन और गजल श्रेणी में केएल मेहता कॉलेज की टीम पहले, सरस्वती कॉलेज दूसरे और अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ तीसरे स्थान पर रहीं।
समापन आज, होंगे सात इवेंट
युवा महोत्सव का समापन बुधवार को होगा। समापन दिवस पर चार मंचों पर सात प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें कव्वाली, हरियाणवी लोक नृत्य, इंग्लिश व हिंदी भाषण, प्रश्नोत्तरी, फोटोग्राफी और रंगोली शामिल हैं। महोत्सव के दौरान छात्रों ने न सिर्फ अपनी कला का प्रदर्शन किया, बल्कि हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को भी जीवंत किया।