राजकीय महाविद्यालय खेड़ी गुजरान में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आपदा या सड़क दुर्घटना के समय सतर्कता और सही जानकारी से नुकसान को कम किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर माय भारत की ओर से राजकीय महाविद्यालय खेड़ी गुजरान में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई। जिला युवा अधिकारी प्रियंका दलाल के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आपदा से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए पहले से तैयारी और सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी है। युवाओं को स्वयं जागरूक होने के साथ परिवार और समाज के लोगों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना चाहिए। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के दर्शन भाटिया ने विद्यार्थियों को दुर्घटना के समय बरती जाने वाली सावधानियों और प्राथमिक उपचार के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में धैर्य बनाए रखना चाहिए और जरूरत पड़ने पर संबंधित सेवाओं से संपर्क करना चाहिए। दूसरों की मदद करते समय अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है। महाविद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार ने कहा कि आपदा प्रबंधन की जानकारी हर नागरिक के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में माय भारत की ओर से अभिषेक राना ने सहयोग किया।