परिजनों ने स्कूल के प्राचार्य पर लगाए गंभीर आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला थाने में तैनात एएसआई सुनीता की 14 वर्षीय बेटी ने कथित तौर पर पढ़ाई के तनाव में आकर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर में पंखे से लटका मिला। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल के प्राचार्य ने यूनिट टेस्ट में कम अंक आने पर डांटने और पिछली कक्षा में भेजने की चेतावनी दी थी इससे वह मानसिक दबाव में थी।
सुनीता की सबसे बड़ी बेटी डीएवी स्कूल सेक्टर-30 में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। वह एक कुशल खो-खो खिलाड़ी भी थी। वह राज्य स्तर पर अंडर-17 टीम में खेलती थी। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ समय से छात्रा बीमार थी और खेल प्रतियोगिताओं में व्यस्त होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हुई थी। हाल ही में हुए यूनिट टेस्ट में उसके कुछ विषयों में अंक कम आए थे। इसके बाद स्कूल की ओर से सख्त रवैया अपनाया गया।
बृहस्पतिवार को घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था। उसने अपने कमरे में आत्महत्या कर ली। दोपहर में पिता नरेश जब घर लौटे तो दरवाजा बंद पाकर उन्होंने अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ा तो बेटी को फंदे पर लटका पाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच कर रहे एसीपी राजेश लोहान ने कहा कि सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।