संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में लावारिस कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सितंबर में कुल 2171 मरीजों ने रेबीज का इंजेक्शन लगवाया । बढ़ते मामलों को देखते हुए अब बीके अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भी रेबीज के इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। इंजेक्शन लगवाने वालों में बड़ी संख्या में छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर दो बजे तक इंजेक्शन रूम में यह सेवा उपलब्ध है। अस्पताल प्रशासन की मानें तो प्रतिदिन 100 से अधिक लोग रेबीज का इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि अगर किसी को कुत्ता काट ले तो तुरंत अस्पताल पहुंचें और इंजेक्शन लगवाएं। साथ ही घाव को साबुन और पानी से अच्छे से धोना भी जरूरी है।
कई बार एक ही दिन में एक ही इलाके से कई लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। इसके लेकर इंजेक्शन रूम में बैठे चिकित्सकों ने भी चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि नगर निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लावारिस कुत्तों पर नियंत्रण के लिए जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।