पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पर्थला में जनसभा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बल्लभगढ़ में निकाली पदयात्रा,
सांसद कुमारी सैलजा और आम आदमी पार्टी नेता सुनीता केजरीवाल ने ओल्ड फरीदाबाद सभाएं कर लोगों को रिझाने का किया प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। चुनाव नजदीक आते ही शहर में बड़े नेताओं का आना-जाना शुरू हो गया है। कांग्रेस सांसद ने जहां बल्लभगढ़ में पदयात्रा निकाल चुनावी बिगुल फूंका तो वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री मंत्री दुष्यंत चौटाला ने पृथला में जनसभा की। इसके अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व सांसद कुमारी सैलजा और आप नेता सुनीता केजरीवाल ने सभाएं आयोजित कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के 10 वर्षों में शहर विकास के मामले में जहां नई ऊंचाई पर बढ़ना चाहिए था। वहीं आज काफी पीछे खिसक गया है। इस दौरान उन्होंने फरीदाबाद को सबसे प्रदूषित शहर होने और पेयजल समस्या का मुद्दा भी उठाया।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में अग्रवाल धर्मशाला चावला काॅलोनी से बस अड्डा मार्केट, राजा नाहर सिंह महल, अंबेडकर चौक, मुख्य बाजार से होकर अग्रसेन चौक, गुप्ता होटल, पंजाबी धर्मशाला तक पदयात्रा निकाली। इस दौरान हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की जनता ने बदलाव का फैसला ले लिया है। अब विधानसभा चुनाव में जब तक भाजपा को सत्ता से बाहर नहीं कर देते आराम से नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद सबसे ज्यादा टैक्स देता है लेकिन इसे न शुद्ध हवा मिल रही और न शुद्ध पानी, न साफ-सफाई सही है और न अच्छी सड़कें हैं। भाजपा सरकार ने फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी बनाने के नाम पर नरक सिटी बना दिया है। इस अवसर पर विधायक आफताब अहमद, विधायक नीरज शर्मा, पूर्व विधायक रघुबीर तेवतिया, पूर्व सीपीएस शारदा राठौर, पूर्व विधायक ललित नागर, विजय प्रताप सिंह, लखन सिंगला सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
भाजपा के शासन में ढूंढने पड़ रहे विकास : कुमारी सैलजा
फरीदाबाद विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलजीत कौशिक के संयोजन में रविवार को ओल्ड फरीदाबाद में जनसंदेश यात्रा निकाली गई। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व सांसद कुमारी सैलजा मुख्यातिथि रहीं। उन्होंने कहा कि जनता को न्याय दिलाने के लिए हम सभी ने संघर्ष का रास्ता चुना है। आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में दस साल से लगातार ऐसे फैसले किए जा रहे हैं जो जनता को लाभ देने के बजाय नुकसान और परेशान कर रहे हैं। पदयात्रा की शुरूआत सेक्टर 19-28 की डिवाइडिंग रोड से शुरू हुई, जो विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी।
लोगों के हित में कराए कार्य जनता तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : दुष्यंत चौटाला
रविवार को पृथला विधानसभा में चुनावी जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान उन्होंने 25 से अधिक गांव वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब विधानसभा चुनाव में बहुत कम समय रह गया है। इसलिए एक-एक कार्यकर्ता कमर कसकर मैदान में उतर जाए और साढ़े चार साल तक सरकार में रहते हुए प्रदेश हित में हमने जो कार्य कराए हैं उन्हें जन-जन तक पहुंचाएं। इस अवसर पर जजपा नेता अरविंद भारद्वाज और जिला अध्यक्ष प्रदीप चौधरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
भाजपा ने षडयंत्र रचकर भेजा अरविंद केजरीवाल को जेल : सुनीता केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी एवं आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता सुनीता केजरीवाल ने ओल्ड फरीदाबाद स्थित अनाज मंडी में चुनावी शंखनाद करते हुए भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने षडयंत्र रचते हुए उनके निर्दाेष पति को जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया, उनका गुनाह सिर्फ इतना था कि वह गरीब लोगों के हितों के लिए कार्य कर रहे हैं, उन्हें अच्छी शिक्षा और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे हैं। उन्होंने मौजूद सभी लोगों से आह्वान किया कि जनविरोधी भाजपा सरकार को आने वाले चुनावों में वोट की चोट से जवाब देने का काम करें और हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने का काम करें। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सुशील गुप्ता, संगठन मंत्री पंडित राजेंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष हरेंद्र भाटी आदि लोग मौजूद रहे।