-85 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं ने किया मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। लोकसभा चुनावा में में 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं में से छह मतदाताओं ने शनिवार को अपने घरों से मतदान किया। इस मौके पर निर्वाचन विभाग के अधिकारी और पुलिस बल साथ रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि इस बार आयोग ने 85 वर्ष या उससे अधिक उम्र के मतदाताओं और दिव्यांग मतदाताओं को घर से मतदान करने का मौका दिया है। मतदान के लिए दो दिन आवंटित किये गए थे।
पोस्टल बैलेट के नोडल अधिकारी एवं नगर निगम के संयुक्त सचिव गजेंद्र सिंह ने बताया कि आज 85 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं में से छह मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। इनमें बड़खल विधानसभा क्षेत्र से दो, फरीदाबाद से तीन और तिगांव से एक मतदाता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस मौके पर सेक्टर-9 के वरिष्ठ मतदाता मनबीर सिंह सिंधवानी और चंद्रकांता ओबराय ने कहा कि चुनाव आयोग ने घर बैठे मतदान की बेहतरीन सेवा शुरू की है। इससे बुजुर्गों को घर बैठे वोट देने का मौका दिया गया है, जिससे वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। यह सुविधा नियमित रूप से जारी रहनी चाहिए।