पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में होगी पढ़ाई, दूसरी कक्षा से हिंदी और अंग्रेजी के अलग-अलग सेक्शन बनेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के सात सरकारी प्राथमिक स्कूलों का स्वरूप बदलने जा रहा है। शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों के नाम बदलकर मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक प्राथमिक अंग्रेजी विद्यालय करने के आदेश जारी किए हैं। इन स्कूलों को मॉडल संस्कृति और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर करना है।
जानकारी के अनुसार, बल्लभगढ़ खंड के घरौड़ा, फतेहपुर तगा और समायपुर स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूलों के नाम बदले जाएंगे। इसके अलावा फरीदाबाद खंड के जसाना स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल को भी इस सूची में शामिल किया गया है। वहीं, फतेहपुर बिल्लौच, सेहतपुर और अनंगपुर के राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक स्कूलों का नाम भी बदला जाएगा। इन सभी स्कूलों में पहली कक्षा की पढ़ाई अनिवार्य रूप से अंग्रेजी माध्यम में होगी। दूसरी कक्षा से हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के अलग-अलग सेक्शन बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी प्राथमिक विद्यालयों में निर्धारित नियमित निधियों के अतिरिक्त विद्यार्थियों से कोई शुल्क अथवा वित्तीय योगदान नहीं लिया जाएगा। मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालयों में अगले शैक्षिक सत्र से विद्यालय विकास निधि ली जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला ने बताया कि ये सभी स्कूल सह-शिक्षा वाले होंगे। विद्यार्थियों से निर्धारित नियमित शुल्क के अलावा कोई अतिरिक्त फीस या आर्थिक योगदान नहीं लिया जाएगा।
स्क्रीनिंग से होगी शिक्षकों की तैनाती
शिक्षा विभाग ने संबंधित प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के लिए भी व्यवस्था तय की है। इन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति अथवा तैनाती स्क्रीनिंग प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए माॅडल संस्कृति, पीएमश्री और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता स्कूलों में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया को आधार बनाया जाएगा।