फरीदाबाद। युवक के शनिवार को आत्महत्या करने के मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने रविवार को बीके चौक पर जमकर हंगामा किया। इसके बाद लोगों ने करीब बीस मिनट के लिए जाम भी लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया। शाम करीब पांच बजे परिजन युवक के शव को लेकर गए।
न्यू जनता कालोनी निवासी नदीम ने शनिवार को राजा नाहर सिंह स्टेडियम के पास पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। कोतवाली थाना पुलिस ने न्यू जनता कालोनी निवासी अमरपाल, महिपाल, बिजेंद्र और किशन के ऊपर आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं के तहत दर्ज कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में भेजवा दिया था। रविवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव लेने से इनकार कर दिया। परिजनों की मांग थी कि आरोपियों गिरफ्तारी के बाद ही वे शव लेकर जाएंगे।
परिजनों ने इस बात को लेकर जमकर हंगामा किया। इसके बाद परिजनों ने जाम लगाने के लिए बीके चौक पर पहुंच गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। करीब बीस मिनट तक बीके चौक पर जाम लगने के बाद पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू की और लोगों को खदेड़ने शुरू किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर चौक से हटाया और निगम कार्यालय के पास खड़ा होने दिया। करीब दो घंटे तक पुलिसकर्मी लोगों को समझाते रहे। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। शाम करीब पांच बजे पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक नदीम के पिता सरफराज का आरोप है कि अमरपाल, बिजेंद्र महिपाल, किशन व किशन ने शुक्रवार को नदीम को धमकी दी थी। इसके बाद से ही वह सहम गया और आत्महत्या जैसा कदम उठाया।