बीके सिविल अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगवाती महिला।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को इस साल के सबसे अधिक 237 नए कोरोना संक्रमित मामलों की पुष्टि की गई है। इससे अधिकारी सख्ते में है। उनके मुताबिक इससे पूर्व नौ दिसंबर को 218 संक्रमित मामलों की पुष्टि की गई थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को एक संक्रमित की मौत की भी पुष्टि की है। जबकि 978 मरीजों को स्वास्थ्य होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
शहरी क्षेत्र तक सीमित कोरोना ने अब ग्रामीण इलाकों को भी पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। इससे गांव में संक्रमण फैलने का खतरा काफी बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को गांव झाड़सेंतली, तिलपत सहित कई क्षेत्रों में कोरोना के मामले मिले हैं। लोगों द्वारा मास्क व शारीरिक दूरी का पालन नहीं किए जाने की वजह से संक्रमण अनियंत्रित हो गया है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अब तक 48675 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 47211 स्वस्थ हुए हैं। जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1039 हो गई है। इनमें से 191 अस्पतालों में भर्ती है।
अस्पतालों में एक बार फिर से संक्रमितों के लिए बेड की संख्या कम होना शुरू हो गई है। 35 मरीज आइसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, जबकि छह मरीज वेंटिलेटर पर हैं। जिले में अब तक 425 संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को 2347 सैंपल लिए हैं। इनमें से 1681 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। इसके अलावा अब प्रति एक लाख की आबादी में 32527 सैंपल लिए जा रहे हैं। अब तक 585495 सैंपल लिए जा चुके हैं। वहीं, कोरोना से बचाव के लिए लोगों में टीकाकरण को लेकर जागरूकता बढ़ी है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी टीकाकरण अभियान के तहत मंगलवार को जिले में 8005 लोगों ने टीका लगवाया।
जिले में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके कारण रिकवरी रेट कम होकर 97 फीसदी पहुंच गया है। वहीं सक्रिय मामलों की दर 1.9 फीसदी पहुंच गई है। कोरोना रोकथाम के लिए लगातार लोगों से अपील की जा रही है लोग मास्क का प्रयोग करें, सामाजिक दूरी और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। लोगों के सहयोग से कोरोना को हराया जा सकता है। - डॉ. रामभगत, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी