फरीदाबाद। शनिवार को हुई बारिश के बाद ग्रीनफील्ड क्षेत्र में दीवार टूटने से दयाल नगर में अचानक पानी घुस गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही देर में गलियां जलमग्न हो गईं और कई घरों में कमर से अधिक पानी भर गया। अचानक आई बाढ़ जैसी स्थिति से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घरों में रखा सामान पानी के तेज बहाव में बह गया, जबकि कई वाहन भी पानी की चपेट में आकर बह गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार ग्रीनफील्ड की ओर से पानी का दबाव बढ़ने के बाद दीवार टूट गई। इसके बाद तेज बहाव के साथ पानी तेजी से दयाल नगर की ओर पहुंचा। लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई परिवार घरों से सामान निकालने और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश करते रहे। पानी का बहाव इतना तेज था कि सड़क पर खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार दयालपुर में 21 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मोहना और गौंची में 15-15 एमएम, बल्लभगढ़ में 10 एमएम, बड़खल में छह एमएम और फरीदाबाद में दो एमएम बारिश हुई। तिगांव और धौज में बारिश दर्ज नहीं हुई।
वहीं, बारिश के बाद सेक्टर-8 में भी जलभराव की समस्या गंभीर हो गई। कई घरों के सामने ढाई फीट से अधिक पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। गलियों में पानी भरने के कारण स्थानीय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर बार इसी तरह जलभराव की स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।