फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना के अनंगपुर गांव में दो पक्षों सुरेश व सागर में पुरानी रंजिश को लेकर जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घायलों को बीके सिविल अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद रेफर कर दिया गया। इसके बाद घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ सूरजकुंड पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एसआई नरेश ने बताया कि घायल सुरेश के पिता जगत ने शिकायत दी है कि उनके घर के पास बिजली विभाग का काम चल रहा था। इसी बीच पड़ोस में ही रहने वाला सागर उनके घर के सामने खड़ा होकर अश्लील हरकत कर गाली-गलौच करने लगा। विरोध जताने पर मारपीट व कट्टा लाने की धमकी देने लगा। उन्होंने इसका विरोध किया तो सागर, उसकी पत्नी ओमवती, पिता सुंदर समेत तीन-चार अज्ञात लोग आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में सुरेश, मनीष, ललित पुत्र जगत व जगत की पत्नी सुमन घायल हो गई।
वहीं, दूसरे पक्ष के सागर ने आरोप लगाया है कि सुरेश के साथ उसकी दो माह पहले कहासुनी व मारपीट हुई थी। इस कारण वह रंजिश रखने लगा था। वह बिजली का काम देखने उसके घर पहुंचा तो सुरेश ने उस पर लाठी से हमला कर दिया। इससे उसके सिर से खून बहने लगा। यह देख कर उसके परिजन भी वहां आ गए। आरोप है कि सुरेश व उसके परिजन ने मिलकर सागर के भाई सुमित के साथ भी मारपीट की है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर छानबीन कर रही है।