फरीदाबाद। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) अब नगर निगम और एचएसवीपी के 22 रेनीवेल को टेकओवर कर सकता है। वहीं, नगर निगम के करीब 1700 ट्यूबवेल को भी टेक ओवर करने का फैसला लिया गया है। जुलाई के अंत तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।
नगर निगम के 16 और एचएसवीपी के 8 रेनीवेल हैं। बताया जा रहा है कि भू-जल स्तर नीचे जाने के कारण उपभोक्ताओं को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए एफएमडीए ने रेनीवेल को टेकओवर करने की योजना बनाई है।
वहीं, कुछ जगहों पर रखरखाव के अभाव में मोटर और अन्य चीजें खराब हो चुकी हैं जिससे शहर के लोगों को पर्याप्त पेयजल मिल सके। इसकी जिम्मेदारी अब एफएमडीए की होगी। टेकओवर करने के बाद पानी का बिल भी एफएमडीए वसूलेगा। इसके बाद अब धीरे-धीरे शहर के बूस्टर की देखरेख भी एफएमडीए अपने हाथ में ले रहा है, क्योंकि रेनीवेल से पाइप लाइन के माध्यम से पानी बूस्टर में आता है। यहां से विभिन्न सेक्टर, कालोनी व सोसाइटी में जाता है इसलिए बूस्टर पर व्यवस्था दुरुस्त होनी जरूरी है। अधिकतर बूस्टर पर पानी की मोटरें भी बदली जाएंगी। इसके बाद कालोनी के हर घर तक प्रेशर के साथ पानी पहुंच सकेगा।
मालूम हो कि जिले में अभी 450 एमएलडी पेयजल की जरूरत है। इनमें से मात्र 325 एमएलडी ही लोगों को पानी मिल पा रहा है। इस कमी को दूर करने के लिए शहर के विभिन्न जगहों पर रेनीवेल भी लगाने की योजना तैयार की गई है। इसे लगने के बाद करीब सौ एमएलडी पानी की वृद्धि हो जाएगी। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि प्रति व्यक्ति 135 लीटर पानी देने की योजना है।
रेनीवेल को टेकओवर करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है जिससे शहर के लोगों को पर्याप्त पेयजल मिल सके।
-एनडी वशिष्ठ, एफएमडीए