सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में किया जा रहा अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गणतंत्र दिवस के समारोह में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए स्कूल प्रबंधन द्वारा स्कूलों में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसको लेकर एनआईटी एक स्थित राजकीय स्कूल में पीटी का अभ्यास कराया जा रहा है। जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए जिला शिक्षा विभाग की ओर से दिशानिर्देश जारी किए जा चुके हैं।
सराय ख्वाजा स्थित राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ओल्ड फरीदाबाद स्थित वरिष्ठ कन्या माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-3 स्थित राजकीय बाल मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-3 स्थित राजकीय वरिष्ठ कन्या विद्यालय सहित विभिन्न स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी जा रही है। शिक्षा विभाग में तैनात खेल अधिकारी हरवीर अधाना ने बताया कि गणतंत्र दिवस के दिन इंडियन ऑयल कंपनी के सामने हेलीपैड मैदान पर आठ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान हरियाणवी लोक नृत्य, राजस्थानी, पंजाबी गिद्धा, देश भक्ति सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा कई सरकारी संस्थानों की झांकी भी निकाली जाएगी।
परेड में कई टुकड़ियां लेंगी हिस्सा
गणतंत्र दिवस समारोह में सरकारी और निजी स्कूलों के करीब 1900 छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। सामूहिक पीटी, डबल व लेजियम शो का आयोजन किया जाएगा। वहीं, विभिन्न स्कूलों के करीब 900 प्रतिभागी भी विभिन्न संस्कृति कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
वर्जन
पीटी और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अगले सप्ताह कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली जाएगी।-
आशा दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी