सेक्टर 50 स्थित डबुआ कॉलोनी में घाट पर किया जा रहा रंग रोगन का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। छठ पूजा के नजदीक आते ही शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। विभिन्न समितियों की ओर से पूजा स्थलों और निर्मित घाटों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। सेक्टर 50 स्थित डबुआ कॉलोनी में मां छठ पूजा सेवा समिति की ओर से घाटों की सफाई और रंग रोगन का काम किया जा रहा है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि घाट को साफ किया जा रहा है। दीवारों पर सफेदी की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और भव्य वातावरण में पूजा करने का अवसर मिल सके। डबुआ कॉलोनी के प्रधान ओम प्रकाश ने बताया कि यह घाट पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा बनवाया गया था। हर साल यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ माता को अर्घ्य अर्पित करने और पूजा-अर्चना करने आते हैं। उन्होंने बताया कि छठ पर्व से पहले घाटों को साफ कर दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि समिति के सदस्य सफाई कार्य को अंतिम रूप दे रहे हैं, ताकि आगामी दिनों में होने वाले छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।