स्कूलों, कॉलेजों और सेक्टरों-सोसाइटियों में होगा सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। 75वें गणतंत्र दिवस पर स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों सहित सेक्टरों और सोसाइटियों में ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए भाषण, लेखन, नुक्कड़ नाटक और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं, विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। शहर में सेक्टरों की आरडब्ल्यूए और एओए संस्थाएं भी झंडा फहराएंगी।
स्कूलों में समारोह की तैयारी पूरी
जिला शिक्षा अधिकारी आशा दहिया ने बताया कि सभी निजी और राजकीय स्कूलों में गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वहीं, स्कूलों में समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। ध्वजारोहण के बाद स्कूलों और कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को स्कूल की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अध्यापक विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस का महत्व बताते हुए अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे।
सेक्टरों और सोसाइटियों में भी होगा ध्वजारोहण
ग्रेटर फरीदाबाद स्थित एडल डिवाइन कोर्ट सोसाइटी के आरडब्ल्यूए प्रधान अभिषेक द्विवेदी ने बताया कि सोसाइटी में गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष तैयारियां की गईं हैं। हर साल की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। सेक्टर-29 के आरडब्ल्यूए महासचिव सुबोध नागपाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। सामुदायिक भवन में सबसे पहले ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। सेक्टर-21 सी आरडब्ल्यूए पदाधिकारी अजय ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। सेक्टर-14, 15, 16, 28, 29, 37, 49 सहित ग्रेटर फरीदाबाद में आरडब्ल्यूए तथा सामाजिक संस्थाओं द्वारा गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा।