गर्भ में पल रहे पांच माह के बच्चे की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। झगड़े के मामले में समझौता न करने पर गर्भवती महिला व अन्य परिजनों के साथ मारपीट की गई। गर्भवती महिला सहित तीन को गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का गर्भपात हो गया। गर्भ में पल रहे पांच माह के बच्चे की मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया। हथीन थाना पुलिस ने तीन महिलाओं सहित नौ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
हथीन थाना प्रभारी छत्रपाल ने बताया कि मठेपुर निवासी अयूब ने शिकायत में कहा है कि वह मूलरूप से गांव लहरवाड़ी जिला नूंह का निवासी है। वह दो वर्षों से मठेपुर गांव में रह रहा है। आरोप है कि वह अपने ससुर अब्बास, नुसरत व अकरम के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान मठेपुर निवासी रहमू,अल्ली, साजिद, आसिफ, नसीम, खुर्शीद, जरीना, नफीसा एवं फुर्सन लाठी, डंडा, फरसा लेकर उनके घर में घुस आए। उन्होंने आते ही मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोपियों ने नुसरत के पेट में चोट मारी। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घायलों को हथीन अस्पताल में लाया। गया, जहां से नुसरत एवं अब्बास को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। उनको नल्हड़ स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान नुसरत का गर्भपात हो गया। उसके पेट में पल रहे पांच माह के बच्चे की मौत हो गई। शिकायत में कहा गया है कि मार्च माह में भी उनका आरोपी पक्ष से झगड़ा हो गया था, जिसका मामला भी हथीन थाने में दर्ज है। इसी केस के मामले में एक आरोपी जेल में भी है। इसी केस में समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।