फरीदाबाद। सेक्टर-87 स्थित हरि विहार कॉलोनी में रविवार देर रात ट्रांसफार्मर खराब होने से कई घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। भीषण गर्मी और उमस के बीच रात बिजली नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद बिजली निगम के कर्मचारी देर रात तक ट्रांसफार्मर को ठीक करने नहीं पहुंचे।
स्थानीय निवासी मनीराम, सुशील, बबली और सुंदरलाल ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली नहीं होने से घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद हो गए, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हरि विहार में बिजली कटौती और फॉल्ट की समस्या लगातार बनी रहती है। कई-कई घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित होता है। उनका आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद समय पर समाधान नहीं किया जाता, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है। निवासियों ने बिजली निगम से मांग की है कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त किया जाए। संवाद