फरीदाबाद। शहर में बढ़ते प्रदूषण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को कड़ा रुख अपनाया है। जिले में सभी गैर जरूरी भारी वाहनों की एंट्री रविवार (21 नवंबर) तक बंद कर दी गई है। साथ ही सभी विभागों से प्रदूषण की रोकथाम पर किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट सोमवार तक मांगी गई है। प्रशासन द्वारा यह निर्णय उच्चतम न्यायालय में 24 नवंबर को होने वाली सुनवाई को देखते हुए लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सुनवाई में फरीदाबाद में प्रदूषण की रोकथाम के लिए अपनाई जा रही रणनीति की जानकारी दी जा सकती है।
उधर, शुक्रवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी डेली बुलेटिन के अनुसार शाम चार बजे तक फरीदाबाद में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 352 और बल्लभगढ़ में एक्यूआई 203 दर्ज किया गया। बल्लभगढ़ में दिवाली बाद पहली बार प्रदूषण स्तर में गिरावट दर्ज की गई। बावजूद यह खराब श्रेणी में बना हुआ है। लिहाजा प्रदूषण के स्तर में सुधार लाने के लिए शुक्रवार को जिला उपायुक्त द्वारा सभी विभागों की बैठक आयोजित की गई।