मारपीट में तीन पुलिसकर्मियों को आई मामूली चोट
भूपानी थाना में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भूपानी इलाके में दो पक्षों में झगड़े की सूचना पाकर पहुंचे पुलिसकर्मियों को एक ही पक्ष के लोगों ने मिलकर डंडों से पीट दिया। इसमें तीन पुलिसकर्मियों को चोट लगी। एक घायल एसआई देशराज की शिकायत पर भूपानी थाना में एफआईआर दर्ज की गई। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी फौजी हैं और छुट्टी लेकर घर आए हुए हैं।
भूपानी थाना पुलिस को बुधवार को एक महिला ने शिकायत दी कि उनके बेटे की शादी के चलते पति राजपाल व परिवार के लोग बारात में गए हुए हैं। इसी दौरान पड़ोसी लोगों ने मिलकर डंडों व तेजधार हथियार से उनके घर आकर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी पक्ष इनसे रंजिश रखता है और इसी के चलते हमला किया गया। भूपानी थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा पूछताछ की कार्रवाई के दौरान आरोपी पक्ष के घर से कुछ पुरुष व महिलाएं लाठी-डंडों के साथ बाहर आए और पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की व चोट पहुंचाकर पुलिस कर्मचारियों को घायल कर दिया।
घायल हालत में तीनों पुलिसकर्मियों को यहां से ले जाया गया। एसआई देशराज की शिकायत पर भूपानी थाना में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि भूपानी के रहने वाले रोहताश उर्फ तोता, आकाश उर्फ लीलू व रोहित उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी फौजी हैं और छुट्टी लेकर आए हुए थे। उनकी पड़ोसी राजपाल व उसके परिवार के साथ पुरानी कहासुनी चली आ रही है। 18 फरवरी को पड़ोसी के लड़के की शादी थी और सभी लोग बारात में बाहर गए हुए थे, घर पर केवल महिलाएं थी। इसका फायदा उठाकर उन्होंने महिलाओं के साथ झगड़ा दिया और जब पुलिस टीम गांव में पूछताछ के लिए आई तो उन्होंने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया।