संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हार्डवेयर चौक पर सोमवार देर शाम यातायात पुलिस ने एक युवक को वाहनों की जांच के लिए रोक लिया। युवक की कार के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। युवक का आरोप है पुलिस कर्मियों ने उसके साथ मारपीट की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्कर्ष नाम के युवक ने बताया उसे पुलिस ने कार के शीशे पर काली फिल्म लगे होने के कारण रोका था। उसने चालान काट रहे पुलिसकर्मियों से कहा उसके पास नकद पैसे नहीं हैं। वह अदालत में चालान का भुगतान कर देगा। आरोप है पुलिसकर्मी इस बात को नहीं माने और हजार रुपये देने के बाद ही गाड़ी छोडने की बात कही। इस बात को लेकर बहस शुरू हो गई। युवक का आरोप पुलिसकर्मियों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इधर यातायात पुलिसकर्मियों का कहना है कि युवक खुद ही ठोकर खाकर गिरा था, इसलिए उसे चोट लग गई। पुलिसकर्मी का आरोप है चालान काटने से नाराज युवक उन्हें गाली दे रहा था और लोगों को इकट्ठा कर माहौल खराब कर रहा था। कार का चालान होने के बाद भी वह भुगतान करने को तैयार नहीं हुआ। एसीपी ट्रैफिक जितेश मल्होत्रा का कहना है मौके पर लगे सीसीटीवी की जांच कराई जाएगी। पुलिसकर्मियों ने मारपीट की है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।