रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जीआरपी ने निगरानी बढ़ाने की तैयारी की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जीआरपी ने ट्रेनों में निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है। इसके तहत जरूरत के अनुसार ट्रेनों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जवान यात्रा के दौरान होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के साथ यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर भी तत्काल ध्यान देंगे।
ट्रेन में भीड़ बढ़ने के दौरान चोरी, जेबतराशी और महिलाओं से जुड़ी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से ऐसी गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। किसी यात्री को परेशानी होने पर वह मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सहायता भी ले सकेगा।
जीआरपी की तैनाती पूरे रेलमार्ग पर एक जैसी नहीं होगी। पुलिसकर्मी अपने क्षेत्राधिकार के मुताबिक ही काम करेंगे। दिल्ली-आगरा रेलमार्ग पर हरियाणा क्षेत्र में होडल तक जीआरपी की जिम्मेदारी रहेगी। इसके आगे उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने के बाद हरियाणा जीआरपी की टीम की ड्यूटी समाप्त हो जाएगी।
फरीदाबाद सर्कल के रेलवे थाना क्षेत्रों में किन ट्रेनों में पुलिसकर्मियों की जरूरत है, इसके आधार पर तैनाती की योजना बनाई जाएगी। ड्यूटी का कार्यक्रम डीएसपी राजेश चेची की ओर से तैयार किया जाएगा। ट्रेनों की आवाजाही और सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जवानों की ड्यूटी निर्धारित की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था में आरपीएफ और जीआरपी के बीच समन्वय भी महत्वपूर्ण रहेगा। दोनों बल अपने-अपने दायरे में जिम्मेदारी निभाएंगे, जिससे ट्रेन में किसी घटना की स्थिति में यात्रियों को पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में आसानी हो सके। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत सुरक्षा कर्मियों को इसकी सूचना दें।