बीके अस्पताल में इमरजेंसी व्यवस्था व तीन शिफ्टों में डॉक्टरों की ड्यूटी
70 से अधिक पेट्रोलिंग पार्टियां गश्त पर व 50 से अधिक स्थानों पर नाकाबंदी व चेकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रंगों का पर्व होली आज उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, जल एवं बिजली विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सुरक्षा से लेकर इमरजेंसी इलाज, ट्रैफिक नियंत्रण से लेकर पानी-बिजली आपूर्ति तक हर स्तर पर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि शहरवासी बेफिक्र होकर त्योहार का आनंद ले सकें। होली के दिन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सरकारी अस्पतालों में विशेष अलर्ट जारी किया गया है। खासकर बीके अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखा गया है। अस्पताल प्रशासन ने 10 इमरजेंसी बेड आरक्षित किए हैं और तीन शिफ्टों में डॉक्टरों व स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। आंख और त्वचा विशेषज्ञ भी इमरजेंसी में तैनात रहेंगे, क्योंकि होली पर रंगों से एलर्जी और आंखों की समस्या के मामले बढ़ जाते हैं।
होली के अवसर पर बीके अस्पताल में इमरजेंसी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी गई है। आपातकालीन विभाग में 10 बेड तैयार किए गए हैं और सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखी गई हैं। अस्पताल में तीन शिफ्टों में डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें सुबह डॉ. पंकज और डॉ. चंचल, शाम को डॉ. शुभम और डॉ. विकास व रात में डॉ. यमन और डॉ. दीपक मरीजों के उपचार के लिए मौजूद रहेंगे। इसके अलावा आंख और त्वचा विशेषज्ञ की विशेष तैनाती की गई है। सभी एम्बुलेंस चालक अलर्ट मोड पर रहेंगे और ऑन कॉल डॉक्टरों को अपने फोन चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल ने बताया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर लोग घबराएं नहीं, तुरंत अस्पताल से संपर्क करें।
होली के मद्देनजर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा योजना लागू की है। शहर में 70 से अधिक पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त करेंगी, जबकि 50 से अधिक स्थानों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग की जाएगी। थाना और क्राइम ब्रांच की टीमें फील्ड में तैनात रहेंगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और ट्रिपल राइडिंग, ब्लैक फिल्म व तेज रफ्तार वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने पर होगी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी और भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हुड़दंगबाजों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। महिलाओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रमजान के महीने को ध्यान में रखते हुए भाईचारे और सौहार्द के साथ शांतिपूर्वक होली का त्योहार मनाएं।
पानी और बिजली सप्लाई रहेगी सामान्य, अतिरिक्त इंतजाम भी किए
पानी और बिजली को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता राहुल ने बताया कि बल्लभगढ़ क्षेत्र में सुबह और शाम दो-दो घंटे अतिरिक्त पानी की सप्लाई दी जाएगी, वहीं जिन इलाकों में जरूरत अधिक होगी वहां अतिरिक्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम के अनुसार शहर में रुटीन पानी सप्लाई सामान्य रूप से जारी रहेगी और फिलहाल किसी प्रकार की किल्लत की आशंका नहीं है। बिजली विभाग ने भी आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास करने की बात कही है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता जितेन्द्र ढुल ने बताया कि होली के पर्व पर पूरी कोशिश रहेगी कि लोगों को 24 घंटे बिजली दी जाए।
रंग कैसे छुड़ाएं, क्या रखें सावधानी?
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. डीएस राठी ने बताया कि यदि रंग छुड़ाने में परेशानी हो तो दही और हल्दी का घरेलू लेप कारगर हो सकता है। एक कटोरी दही में थोड़ी हल्दी मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे हाथ, चेहरे और पैरों पर लगाकर आधे घंटे छोड़ दें, फिर गुनगुने पानी से स्नान करें। उन्होंने चेतावनी दी कि एलर्जी, खुजली, जलन, दाने या रैशेज होने पर घर की कोई भी क्रीम या तेल न लगाएं। तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें। आंख में रंग जाने पर तुरंत साफ पानी से धोएं और जलन बनी रहे तो अस्पताल जाएं।
ध्यान रखने योग्य बातें
केमिकल युक्त रंगों से बचें, हर्बल रंगों का प्रयोग करें व नशे में वाहन न चलाएं। अनजान लोगों पर जबरन रंग न डालें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी विवाद की स्थिति में स्वयं न उलझें, तुरंत पुलिस को सूचना दें। शहर में उत्सव का माहौल है और प्रशासनिक तैयारियां पूरी हैं। जरूरत है तो बस जिम्मेदारी और संयम की, ताकि रंगों का यह पर्व खुशियों और भाईचारे का संदेश दे सके।
हेल्पलाइन इमरजेंसी नंबर
•
बीके अस्पताल इमरजेंसी: 0129-405-5001
•
एम्बुलेंस सेवा: 108
•
पुलिस कंट्रोल रूम (आपातकालीन सेवा): 112 व चाइल्ड हेल्पलाइन: 1033, 1098